नयी दिल्ली , मार्च 24 -- चुनाव आयोग ने मंगलवार को आगामी विधानसभा चुनावों और उपचुनाव की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक की।
बैठक में चुनाव वाले पांच राज्यों और उनसे जुड़े 12 राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और कई केंद्रीय एजेंसियों के प्रमुख शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की। उनके साथ चुनाव आयुक्त एसएस संधू और विवके जोशी भी मौजूद थे।
बैठक में असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले आम चुनाव और 6 राज्यों में होने वाले उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव के दौरान होने वाली गड़बड़ियों को रोकने पर खास ध्यान दिया गया।
श्री कुमार ने सभी राज्यों को निर्देश दिया कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, बिना डर और बिना लालच के कराए जाएं। इसके लिए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर सीमाएं सील करने को कहा गया है। इसके अलावा पड़ोसी राज्यों को भी चुनाव वाले राज्यों की मदद करने के लिए कहा गया है, ताकि कहीं से भी अवैध गतिविधियां न हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित