रुद्रपुर , अप्रैल 10 -- उत्तराखण्ड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने ऊधम सिंह नगर जिले में विद्युत तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के बिजली के तार, दो वाहन और भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि "ऑपरेशन प्रहार" के तहत चलाए जा रहे अभियान में कुमाऊं टीम को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर के धर्मपुर क्षेत्र में एक गोदाम में चोरी की विद्युत केबल छिपाकर रखे गए हैं।

इस सूचना पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गोदाम से भारी मात्रा में केबल बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपी काशीपुर, कुंडा, जसपुर और महुआखेड़ा क्षेत्रों में रात के समय बिजली के केबल काटकर चोरी करते थे। बाद में इन तारों को छीलकर उनसे निकलने वाले कॉपर और एल्युमिनियम को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बरेली में बेच दिया जाता था।

पु लिस ने मौके से आफताब अली (43) निवासी विवेक नगर, ट्रांजिट कैंप, हाल निवासी 15 एकड़, धर्मपुर कालोनी रूद्रपुर, और जीशान (22) मस्जिद वाली गली, भदईपुरा, रूद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आफताब पहले भी चोरी, डकैती और लूट के मामलों में जेल जा चुका है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 45 कुंतल विद्युत तार, केबल काटने के उपकरण, एक पिकअप वाहन और एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुंडा और काशीपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित