श्रीगंगानगर , अप्रैल 10 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में विदेश भेजने के नाम पर नौ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का एक मामला सदर थाना में दर्ज हुआ है।

पुलिस के अनुसार पार्क एवेन्यू कॉलोनी निवासी सुखजीतसिंह ने पदमपुर तहसील क्षेत्र के गांव गंगूवाला निवासी प्रदीपसिंह और उसके पिता इकबालसिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया है। सुखजीत सिंह ने अदालत में दायर किया इस्तगासा में बताया है कि वह अपने बेटे को विदेश भेजने चाहता था।इसी दौरान उक्त पिता-पुत्र से संपर्क हुआ तो उन्होंने कहा कि वे लोगों को विदेश भेजने और वहां नौकरी दिलवाने का काम करते हैं। अब तक बहुत से लोगों को विदेश भेज चुके हैं।

प्रदीपसिंह ने बताया कि उनका मुख्य ऑफिस चंडीगढ़ में है जिसकी ब्रांच अलग-अलग शहरों में हैं। आरोपियों ने उसके पुत्र को ऑस्ट्रेलिया भिजवाने और वहां नौकरी लगवाने का कुल खर्च 13 लाख रुपए बताया। इसमें से नौ लाख पहले देने और चार लाख रुपए उसके बेटे के ऑस्ट्रेलिया पहुंचने तथा वहां सेटल होने के बाद देना तय हुआ। उसने नौ लाख रुपए दे दिए लेकिन आरोपियों ने उसके पुत्र को ऑस्ट्रेलिया को नहीं भेजा।

काफी समय बीतने के बाद भी जब उसके बेटे का आरोपियों ने वीजा नहीं लगवाए तो उसने प्रतिष्ठित व्यक्तियों को साथ लेकर उनसे बात की। उन्होंने रकम वापसी के तौर पर साढ़े छह लाख रुपए का एक चेक सिक्योरिटी के रूप में उनको दिया। यह चेक बैंक में अनादरित हो गया। आरोप लगाया गया है कि प्रदीपसिंह तथा उसके पिता ने रुपए वापस करने से इनकार कर दिया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित