मुंबई , जनवरी 30 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 8.053 अरब डॉलर की बड़ी वृद्धि के साथ 709.413 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा है। पिछले सप्ताह यह 14.167 अरब डॉलर बढ़ा था। इस तरह दो सप्ताह में ही इसमें 22.22 अरब डॉलर का उछाल आ चुका है।

विदेशी मुद्रा भंडार का पिछला उच्चतम स्तर 27 सितंबर 2024 को 704.885 अरब डॉलर रहा था।

रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 23 जनवरी को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार में 5.635 अरब डॉलर का उछाल आया और यह 123.088 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सोने की कीमतों में लगातार तेजी से स्वर्ण भंडार बढ़ रहा है।

आलोच्य सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में भी 2.367 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गयी और यह सप्ताहांत पर 562.885 अरब डॉलर रहा। इसमें अमेरिका डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो शामिल हैं जिनके मूल्य का निर्धारण डॉलर की तुलना में उनकी संदर्भ दर के आधार पर होता है।

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.703 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 3.3 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 18.737 अरब डॉलर पर रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित