मुंबई , नवंबर 21 -- स्वर्ण भंडार में 5.33 अरब डॉलर की जबरदस्त वृद्धि के दम पर देश का विदेशी मुद्रा भंडार 14 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 5.543 अरब डॉलर बढ़कर 692.576 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

इससे पहले 07 नवंबर को समाप्त सप्ताह में इसमें लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट रही थी जब यह 2.699 अरब डॉलर घटा था।

रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि 14 नवंबर को समाप्त सप्ताह में स्वर्ण भंडार 5.327 अरब डॉलर बढ़कर 106.857 अरब डॉलर के दूसरे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। आरबीआई समेत दुनिया के सभी केंद्रीय बैंक मौजूदा भू-राजनैतिक परिस्थितियों के मद्देनजर अपना स्वर्ण भंडार बढ़ा रहे हैं।

आलोच्य सप्ताह के दौरान, विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 15.2 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई और यह 562.29 अरब डॉलर रहा। विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में डॉलर के साथ जापानी येन, यूरो और ब्रितानी पाउंड शामिल हैं। इनकी संदर्भ दर के आधार पर डॉलर में इनका मूल्य तय किया जाता है।

सप्ताह के दौरान अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 80 लाख डॉलर बढ़कर 4.779 अरब डॉलर पर और विशेष आहरण अधिकार 5.6 करोड़ डॉलर की वृद्धि के साथ 18.650 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित