मुंबई , फरवरी 27 -- देश का विदेशी मुद्रा भंडार 20 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 2.119 अरब डॉलर घटकर 723.608 अरब डॉलर रह गया।
इससे पहले, 13 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा का देश का भंडार 8.663 अरब डॉलर उछलकर 725.727 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।
रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 20 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 1.039 अरब डॉलर की गिरावट रही और सप्ताहांत पर यह 572.564 अरब डॉलर रहा। इसमें अमेरिकी डॉलर के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो भी शामिल हैं जिनके मूल्य का निर्धारण डॉलर की तुलना में उनकी संदर्भ दर के आधार पर होता है।
आलोच्य सप्ताह के दौरान देश का स्वर्ण भंडार 97.7 करोड़ डॉलर घटकर 127.489 अरब डॉलर पर रहा। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.8 करोड़ डॉलर और विशेष आहरण अधिकार 8.4 करोड़ डॉलर कम होकर क्रमशः 4.716 अरब डॉलर और 18.84 अरब डॉलर रह गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित