नयी दिल्ली , दिसंबर 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर देश की छवि को खराब करने और भारत विरोधी ताकतों से मिलकर देश के खिलाफ षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री गांधी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "जब संसद का सत्र चल रहा था, तो नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संसद में रहने की थी, लेकिन वह जर्मनी चले जाते हैं और जर्मनी में हर्टी स्कूल में कॉर्नेलिया वोल से मिलते हैं।" उन्होंने कहा कि श्री गांधी और जॉर्ज सोरोस ऐसे ही हैं जैसे दो जिस्म और एक जान तथा अब एक और सबूत सामने आया है। उन्होंने बताया कि जॉर्ज सोरोस की संस्था ओपन सोसायटी फाउंडेशन के वित्त पोषण से चलने वाली सेंट्रल यूरोपियन यूनिवर्सिटी के ट्रस्टी बोर्ड के सदस्य के तौर पर कॉर्नेलिया वोल का नाम है। उन्होंने सवाल किया ऐसा क्यों होता है कि श्री गांधी जब संसद का सत्र चल रहा होता है, तो विदेशी धरती पर चले जाते हैं और वहां जाकर भारत के शत्रुओं से मिलते हैं। ये कौन सा भारत विरोधी एजेंडा है। नेता प्रतिपक्ष ऐसी शक्तियों से मिलकर भारत के खिलाफ कौन सा षड्यंत्र कर रहा है।"उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर भारत विरोधी शक्तियों से मिलना यह दर्शाता है कि श्री गांधी के डीएनए में भारत का विरोध है, क्योंकि सत्ता पाने की लालसा में वो ऐसी हरकतें आदतन करते हैं। ये उनके कृत्य हैं, तो ये कहना गलत नहीं होगा कि ये भारत के साथ गद्दारी है।

इस दौरान उन्होंने सुश्री बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह जान चुकी हैं कि वो आगामी चुनाव हारने जा रही हैं। इसलिए वो सांप्रदायिक राजनीति करके चुनाव को प्रभावित करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल के विधायक मदन मित्रा ने जिस प्रकार से हिंदू विरोधी वक्तव्य दिया, उससे हिंदुओं की भावनाएं काफी आहत हुई हैं। ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्री मित्रा ने कहा कि प्रभु श्रीराम हिंदू नहीं, मुसलमान हैं। इसके बावजूद सुश्री बनर्जी ने न तो इसकी निंदा की और न ही उन्हें पार्टी से निकाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित