मोहाली , मई 01 -- पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एस.ए.एस. नगर पुलिस ने एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के साथ संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों के एक प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल तथा पांच कारतूस बरामद किये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हांस ने बताया कि यह कार्रवाई 18 अप्रैल को चलाये गये संयुक्त अभियान की कड़ी है। उस दौरान पुलिस ने एक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था और दो विदेशी निर्मित पिस्टल बरामद की थीं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय निवासी मौली जागरां, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर काम कर रहा था और उसे ट्राईसिटी क्षेत्र में कई टारगेट दिये गये थे। उसकी गिरफ्तारी से संभावित गंभीर वारदातों को टाल दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, 18 अप्रैल की कार्रवाई के बाद की गयी जांच में अजय की भूमिका सामने आयी। वह पहले गिरफ्तार आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराने के साथ-साथ विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर लॉजिस्टिक सपोर्ट भी दे रहा था।
सूचना के आधार पर एस.ए.एस. नगर पुलिस और एजीटीएफ की संयुक्त टीमों ने एसपी (देहात) मनप्रीत सिंह और पुलिस अधीक्षक डेराबस्सी बिक्रमजीत सिंह बराड़ की निगरानी में, इंस्पेक्टर सुमित मोर (एसएचओ डेराबस्सी) और इंस्पेक्टर पुषविंदर सिंह के नेतृत्व में मुबारकपुर के पास घग्गर पुल के नीचे से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसमें उसकी टांग टूट गयी। पूछताछ में खुलासा हुआहै कि वह पिछले एक साल से विदेशी हैंडलरों के लिए काम कर रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित