पटना , अप्रैल 01 -- बिहार खान एवं भूतत्व विभाग ने कल मंगलवार को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड कुल 3592.60 करोड़ रुपये के राजस्व की वसूली की है, जो वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 56.39 करोड़ रुपये अधिक है। राज्य के उप मुख्यमंत्री सह खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आज संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तय कुल 3850 करोड़ रुपये के अपने राजस्व वसूली के लक्ष्य को हासिल कर लेगा।

श्री सिन्हा ने कहा कि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 3592.60 करोड़ रुपये की वसूली की है, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 3536.21 करोड़ रुपये का राजस्व वसूला गया था। उन्होंने कहा कि इस साल विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 56.39 करोड़ रुपये अधिक राजस्व इकट्ठा किया है। उन्होंने कहा कि विभाग ने पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में इस साल अधिक राजस्व हासिल किया है। वह भी तब, जब कुल 78 बालू घाट सरेंडर कर दिए गए थे। इससे सरकार को राजस्व वसूली में कुल 600 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

श्री सिन्हा ने कहा कि खान एवं भूतत्व विभाग को वर्ष 2024-25 में अलग-अलग कार्य विभागों से कुल 511 करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन पिछले साल के मुकाबले कल समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में कार्य विभागों से केवल 369 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं, जिससे राजस्व वसूली में करीब 150 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च, 2026 को काम खत्म होने के समय तकनीकी वजहों से विभाग को अलग-अलग एजेंसियों और विभागों से कुल 309 करोड़ रुपये नहीं मिल पाए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित