चंडीगढ़ , फरवरी 28 -- पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने शनिवार को थाना साइबर सेल, संगरूर में तैनात उपनिरीक्षक मेवा सिंह को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव कोठे महां सिंह वाला, जिला बठिंडा के एक निवासी द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी के विरुद्ध थाना साइबर क्राइम संगरूर में एक मामला दर्ज था, जिसमें आरोपी सब-इंस्पेक्टर जांच अधिकारी के रूप में तैनात था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उसकी पत्नी को मामले से बरी करवाने में मदद करने के बदले 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी सब-इंस्पेक्टर मेवा सिंह को शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध विजिलेंस ब्यूरो थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित