मुम्बई , दिसंबर 20 -- भारतीय एकदिवसीय टीम के धाकड़ बल्लेबाजों में शुमार रोहित शर्मा को विजय हजारे ट्रॉफी के पहले दो मैचों के लिए मुंबई की टीम में शामिल किया गया है। शार्दुल ठाकुर मुम्बई टीम की कप्तानी करेंगे। टीम में सरफराज खान, मुशीर खान और अंगकृष रघुवंशी भी शामिल हैं। इसके अलावा टीम में कई नए चेहरे शामिल किए गए हैं। 2019 में इंडिया इमर्जिंग के लिए चार लिस्ट ए मैच खेलने वाले चिन्मय सुतार को टीम में जगह मिली है, साथ ही बल्लेबाज ईशान मुलचंदानी और तेज गेंदबाज ओंकार तरमाले को भी शामिल किया गया है। हाल ही में सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल की नीलामी में ओंकार तरमाले को खरीदा था। जाने-पहचाने चेहरों में, सिद्धेश लाड, विकेटकीपर हार्दिक तमोरे और स्पिन जोड़ी शम्स मुलानी और तनुष कोटियन शामिल हैं। टीम में अजिंक्य रहाणे, यशस्वी जायसवाल और आयुष म्हात्रे नहीं है।

टूर्नामेंट में मुंबई ग्रुप सी में है। मुम्बई 24 दिसंबर को जयपुर में सिक्किम के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। दो दिन बाद, वे उत्तराखंड का सामना करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित