चेन्नई , मार्च 27 -- अभिनेता से नेता बने एवं 'तमिलगा वेत्री कज़गम' (टीवीके) के संस्थापक-अध्यक्ष विजय ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शनिवार से यहां शुरू होने वाले पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए पहले पुलिस ने अनुमति दी लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया जिसके कारण उन्हें अपना अभियान स्थगित करना पड़ा।
श्री विजय पेरम्बूर से अपना चुनाव अभियान शुरू करने वाले थे - जहां से टीवीके के पहले चुनावी दंगल में वह स्वयं चुनाव लड़ सकते हैं।
श्री विजय सितंबर 2025 में करूर की दुखद भगदड़ में 41 लोगों की जान जाने के बाद से ही सार्वजनिक चकाचौंध से दूर थे। अब वह पूरी ताकत के साथ वापसी कर रहे हैं और सभी 234 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को एकजुट कर रहे हैं। वह आज पेरम्बूर में बैठकें करने के बाद कोलाथुर, विल्लीवक्कम, अन्नानगर और विरुगंबाक्कम निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार करने वाले थे। कोलाथुर वही सीट है जहां से द्रमुक अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने 2011, 2016 और 2021 के चुनावों में जीत की हैट्रिक बनाई है और अब वे लगातार चौथी जीत की तैयारी में हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पहले भीड़ को 3,000 तक सीमित रखते हुए अनुमति दी थी और भीड़ प्रबंधन के कई उपायों की घोषणा की थी। जब टीवीके सभी तैयारियां कर चुका था और वह आज पेरम्बूर में अपना अभियान शुरू करने वाले थे, तब पुलिस ने शुक्रवार शाम को यह कहते हुए अनुमति रद्द कर दी कि पार्टी का चुना गया स्थान प्रचार के लिए उपयुक्त नहीं है क्योंकि वह एक संकरा रास्ता है जहां केवल छोटी सभाएं ही की जा सकती हैं।
अंतिम समय में अनुमति न मिलने से नाराज श्री विजय ने इसे "लोकतंत्र पर फासीवादी हमला" करार दिया और सत्तारूढ़ द्रमुक पर उनके चुनाव प्रचार में बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "बार-बार होने वाली देरी और इनकार से ऐसा आभास होता है कि कुछ अधिकारी सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम कर रहे हैं।" उन्होंने सरकार पर एक उभरती हुई राजनीतिक शक्ति के लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
श्री विजय ने दावा किया कि अभियान से दो दिन पहले अनुमति मांगी गई थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि नगर निकाय अधिकारियों ने उस स्थान पर गड्ढे क्यों खोदे और अवरोधक क्यों लगाए। उन्होंने कहा, "यह बाधा इस बात का प्रमाण है कि द्रमुक टीवीके से कितना डरी हुई है।" उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता इस लोकतंत्र विरोधी द्रमुक सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।
अनुमति न मिलने के बाद श्री विजय ने आज के अपने सभी चुनावी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। टीवीके ने वैकल्पिक स्थानों की पहचान करने के बाद एक नया आवेदन दायर किया है और अब उनका अभियान संभवतः 30 मार्च से शुरू होगा।
सूत्रों के मुताबिक श्री विजय कल अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची घोषित कर सकते हैं।
इस बीच श्री विजय के आरोपों पर ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन के आयुक्त जे. कुमारगुरुबरन ने कहा कि जिला चुनाव कार्यालय सभी आवेदनों की जांच करेगा और पुलिस विभाग के परामर्श से मानक संचालन प्रक्रियाओं के आधार पर अनुमति जारी करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निकाय वहां पर कोई काम नहीं कर रहा है और जल आपूर्ति बहाल करने के लिए मेट्रो जल विभाग ने काम शुरू किया था, उसे भी पूरा किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित