कोटा , दिसम्बर 14 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजस्थान में कोटा में रविवार को कुन्हाड़ी स्थित विजयवीर स्टेडियम में नदीपार क्षेत्र के 57 करोड़ रूपए की लागत से किए जा रहे विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर श्री बिरला ने कहा कि यह केवल निर्माण कार्यों की शुरुआत नहीं है, बल्कि आमजन के जीवन को बेहतर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल ढांचे खड़े करना नहीं, बल्कि लोगों की वास्तविक जरूरतों को समय पर पूरा करना होना चाहिए। विकास की प्राथमिकता उन क्षेत्रों को दी जाएगी, जहां मूलभूत सुविधाओं की सबसे अधिक आवश्यकता है। नदी पार की नई-पुरानी कॉलोनियों में पेयजल, सड़क, पार्क जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित होगी।

इस दौरान उन्होंने विजय वीर सिंह झाला की प्रतिमा का भी अनावरण किया।

श्री बिरला ने कहा कि स्टेडियम में फुटबॉल मैदान का समतलीकरण, नई घास बिछाने, खिलाड़ियों के लिए आवासीय कक्ष, बैडमिंटन कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोरिंग, नए वॉलीबॉल कोर्ट, जिम का उन्नयन, जॉगिंग ट्रैक, टेबल टेनिस सुविधा और पूरे परिसर में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोटा में एक समर्पित खेल केंद्र विकसित करेंगे, जहां विभिन्न खेलों की विश्वस्तरीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन का आधार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित