भोपाल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजयपुर विधानसभा सीट को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सत्य, न्याय, लोकतंत्र और संविधान की जीत बताया है।

श्री पटवारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा मुकेश मल्होत्रा की विधायकी बरकरार रखने का फैसला केवल एक जनप्रतिनिधि की सदस्यता का मामला नहीं, बल्कि जनमत और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में संविधान सर्वोपरि है और न्याय किसी भी राजनीतिक दबाव में नहीं झुकता।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि विजयपुर में जनमत को कमजोर करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास किए गए, लेकिन अंततः सत्य की जीत हुई। यह निर्णय ऐसी मानसिकता को करारा जवाब है, जो लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित