कन्नूर , मार्च 24 -- केरल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर बार-बार किये जा रहे हमले चुनावों से पहले माकपा-भाजपा के बीच 'अपवित्र सांठगांठ' को दर्शाते हैं।

श्री जोसेफ ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में सवाल किया कि क्या माकपा का केंद्रीय नेतृत्व श्री विजयन के राहुल गांधी की आलोचना करने का समर्थन करता है, जबकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुप्पी साधे हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि तमिलनाडु में माकपा उम्मीदवार वोट जुटाने के लिए राहुल गांधी की तस्वीर का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ बोलने के लिए देश भर में राहुल गांधी के खिलाफ कई मामले दर्ज किये गये हैं। उन्होंने श्री गांधी को 'भारत का धर्मनिरपेक्ष चेहरा' बताया।

उन्होंने भाजपा पर अपनी नीतियों का विरोध करने के लिए श्री गांधी को निशाना बनाने का आरोप लगाया और संसद से उनकी अयोग्यता, केंद्र की विदेश नीति की उनकी आलोचना और लोकसभा अध्यक्ष की पक्षपातपूर्ण भूमिका का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री विजयन परोक्ष रूप से भाजपा की मदद कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यही कारण है कि एसएनसी-लावालिन मामला, विदेशी सोना तस्करी मामला और मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़े प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मामले लंबे समय से लंबित हैं या रुके हुए हैं।

श्री जोसेफ ने कहा, "श्री विजयन ने राजनीतिक लाभ के लिए श्री गांधी को निशाना बनाते हुए प्रधानमंत्री की आलोचना करने से परहेज किया है।" श्री जोसेफ ने कहा कि श्री गांधी भाजपा को प्राथमिक राष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वी मानते हैं, साथ ही वे केरल में माकपा की राजनीति की भी आलोचना करते हैं।

श्री जोसेफ ने माकपा पर आरोप लगाया कि वह अपना पूरा ध्यान कांग्रेस पर हमला करने में लगा रही है, जबकि भाजपा को छोड़ रही है। उन्होंने पलक्कड़ चुनाव क्षेत्र में माकपा-भाजपा के बीच गुप्त समझौते का भी आरोप लगाया, जहां निर्दलीय उम्मीदवार को मैदान में उतारा गया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि यूडीएफ उम्मीदवार रमेश पिशारोडी को भारी जनसमर्थन प्राप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित