वाशिंगटन , अप्रैल 08 -- अमेरिका की यात्रा पर आए विदेश सचिव विक्रम मिसरी और वाशिंगटन में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने बुधवार को यहां भारत-अमेरिका व्यापार सुविधा पोर्टल का शुभारंभ किया।
भारतीय दूतावास ने कहा है कि यह पोर्टल दोनों देशों को द्विपक्षीय व्यापार को वार्षिक 500 अरब डालर तक पहुंचाने के मिशन- 500 की ओर अग्रसर होने में मदद करेगा। इस अवसर पर वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का विशेष संदेश सुनाया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
श्री गोयल ने वीडियो संदेश में कहा,"भारत-अमेरिका व्यापार सुविधा पोर्टल के वर्चुअल लॉन्च को संबोधित करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। यह एक दूरदर्शी पहल है जो भारतीय निर्यातकों और अमेरिकी आयातकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने में सहायक होगी, जिससे हमारी द्विपक्षीय व्यापार साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने के व्यापक अवसर मिलेंगे।"भारतीय दूतावास ने कहा है कि यह पोर्टल भारत और भारत के बीच व्यापार की पूरी क्षमता को उजागर करने की दिशा में एक और कदम है। इस पहल को तैयार करने और इसे आगे बढ़ाने में न्यूयॉर्क स्थित भारत के प्रतिनिधियों की भूमिका की भारतीय दूतावास ने सराहना की है। इसके साथ ही निर्यातकों के लिए पंजीकरण अब इंडियायूएसट्रेड.एमईए.जीओवी.आईएन हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित