उज्जैन , फरवरी 14 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में आयोजित होने वाले विक्रमोत्सव 2026 की कल महाशिवरात्रि पर्व पर 15 फरवरी से शुरुआत होगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ, स्वराज संस्थान संचालनालय, संस्कृति विभाग एवं उज्जैन जिला प्रशासन के सहयोग से विक्रमोत्सव 2026 का आयोजन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरुप भव्यरूप से किया जाना है।
महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि विक्रमोत्सव 2026 के शुभारंभ 15 फरवरी को सुबह 10 बजे कलश यात्रा निकलेगी। वहीं सायं 7:30 बजे पोलिटेक्निक कॉलेज परिसर में सुप्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम की "शिवोऽहम" की प्रस्तुति होगी। विक्रमोत्सव अंतर्गत 41 से अधिक बहुआयामी गतिविधियों में 4 हजार से अधिक कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
विक्रमोत्सव अंतर्गत 15 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ परिसर एवं कालिदास संस्कृत अकादमी परिसर में पौराणिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक, जनजातीय विषयों पर 7 विभिन्न प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है।
विक्रमोत्सव के तहत 19 मार्च को प्रातः 5:30 बजे राम घाट, दत्त अखाड़ा पर कोटि सूर्योपासना का आयोजन होगा। इसी दिन सांय 07 बजे से शिप्रा तट पर सृष्टि आरंभ दिवस, उज्जयिनी गौरव दिवस पर सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित