उज्जैन , मार्च 13 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में आयोजित विक्रमोत्सव के अंतर्गत आज से अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत हो गई, जिसमें 30 से अधिक देशों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कालिदास अकादमी के अभिरंग सभागार में 13 मार्च से 17 मार्च तक "इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ एंशिएंट स्प्लेंडर" शीर्षक से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न देशों की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पौराणिक विषयों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक डॉ. श्रीराम तिवारी ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ और मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विश्व सभ्यताओं से जुड़े विषयों को सिनेमा के माध्यम से प्रस्तुत करना है।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में हिंदी फीचर फिल्मों के साथ-साथ अन्य भारतीय भाषाओं की फिल्में, वृत्तचित्र, विदेशी फीचर फिल्में और चयनित फिल्मों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं, पौराणिक कथाओं और विश्व की प्राचीन सभ्यताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

डॉ. तिवारी के अनुसार इस आयोजन में भारत सहित दुनिया के कई देशों के फिल्म निर्माता, निर्देशक, कलाकार और सांस्कृतिक विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न देशों के राजनयिक प्रतिनिधियों को भी विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

उन्होंने बताया कि विक्रमोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव उज्जैन की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का प्रयास है। इससे न केवल दर्शकों को विभिन्न देशों की संस्कृति और परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति के प्राचीन वैभव को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग श्रेणियों की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे दर्शकों को विविध विषयों पर आधारित फिल्मों को देखने और समझने का अवसर प्राप्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित