चंडीगढ़ , फरवरी 01 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने रविवार को कहा कि विकास भवन के पास फेज 8 में गमाडाकी ओर से बनाया गया हेलीपैड असल में बेकार साबित हुआ है, क्योंकि यह मोहाली एयरपोर्ट के फ्लाइंग ज़ोन में आता है और इसके लिए वायुसेना से मंज़ूरी की ज़रूरत होती है।

श्री खैरा ने कहा कि यह सुविधा मुख्य रूप से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के दौरों को आसान बनाने के लिए बनायी गयी थी, जिनके पास पंजाब में कोई संवैधानिक पद नहीं है, राज्य में कोई प्रशासनिक ज़िम्मेदारी नहीं है, फिर भी वह पंजाब के खर्च पर वीआईपी इंफ्रास्ट्रक्चर का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के दौरों के दौरान विकास भवन को लग्जरी ठहरने की जगह में बदलने के लिए करोड़ों रुपये खर्चकिये गये।

उन्होंने कहा कि पंजाब, जो एक सीमावर्ती राज्य है और गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहा है, उसे दिल्ली के एक नेता के आराम और राजनीतिक दौरों का बिल चुकाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय लगभग 4.50 लाख करोड़ रुपये के भारी कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है, जबकि किसान परेशान हैं, युवा बढ़ती बेरोज़गारी का सामना कर रहे हैं, और शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे ज़रूरी क्षेत्रों को तुरंत निवेश की ज़रूरत है। उन्होंने कहा, " ऐसे समय में, एक बेकार हेलीपैड और एक गैर-सरकारी मेहमान के लिए लग्जरी इंतज़ाम पर जनता का पैसा खर्च करना आपराधिक असंवेदनशीलता से कम नहीं है। "उन्होंने मोहाली हेलीपैड पर कुल खर्च और विकास भवन में किये गये सभी बदलावों या लग्जरी इंतज़ामों का ब्यौरा देने वाला एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित