नयी दिल्ली , फरवरी 20 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने प्रदेश सरकार पर जनता से किये वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है और कहा है कि सरकार विकास कार्यों के बजाय प्रचार, विज्ञापनों और बयानबाज़ी में अधिक व्यस्त है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं के संकट से लगातार जूझ रही है।
डॉ. नरेश ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता संभाले एक वर्ष पूरा हो चुका है, लेकिन चुनाव से पहले जनता से किए गए बड़े वादों पर अब तक ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं देती। सरकार विकास कार्यों के बजाय प्रचार, विज्ञापनों और बयानबाज़ी में अधिक व्यस्त है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं के संकट से लगातार जूझ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता पाने के लिए दिल्ली की जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए, लेकिन सरकार बनते ही वे सभी वादे हवा हो गए। उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार अपनी उपलब्धियों पर भरोसा रखती है तो बताए कि पिछले एक साल में कौन-सा वादा पूरी तरह पूरा किया गया है?उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने महिलाओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता, 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर और त्योहारों पर मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। इसके अलावा केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आर्थिक सहायता, 50 हजार सरकारी नौकरियां और 20 लाख रोजगार के अवसर देने का भी दावा किया गया था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ऑटो, टैक्सी चालकों और गिग वर्कर्स के लिए बीमा और कल्याण बोर्ड बनाने, अनधिकृत कॉलोनियों को पूर्ण मालिकाना हक देने, दिल्ली को 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बस सिटी बनाने, यमुना नदी की सफाई और रिवर फ्रंट विकास, वायु प्रदूषण खत्म करने तथा लैंडफिल साइटों से कूड़े के पहाड़ हटाने जैसे वादे भी अधूरे पड़े हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित