अल्मोड़ा , फरवरी 07 -- उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को अल्मोड़ा में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाएं समयबद्ध रूप से धरातल पर उतरें और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
श्रीमती आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह बात अल्मोड़ा विकास भवन में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणाओं और अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने से कहा कि सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए ताकि आम जनता को समय पर लाभ मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सोमेश्वर में नवनिर्मित उप जिला अस्पताल का उद्घाटन जल्द से जल्द किया जाना है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के दिन अस्पताल में चिकित्सकों व अन्य आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए। विकासखंड ताकुला के बीना गांव के दुर्गाथल तोक और भेटुली के लोहारखोला में सोलर पेयजल पंपिंग योजना के निर्माण कार्य में गड़बड़ी की जानकारी सामने आने पर केबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह को मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फरवरी माह में बड़ी संख्या में योजनाओं का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए सभी विभाग समय रहते प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करें ओर ताकि कार्यक्रमों का आयोजन सुचारु रूप से किया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी जनहित के कार्यों की अवहेलना करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे तथा जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित