भीलवाड़ा , फरवरी 02 -- राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने केन्द्रीय बजट को देश के सर्वांगीण विकास, आर्थिक मजबूती और आमजन के हितों वाला बताते हुए कहा है कि इसमें गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखा गया है।
श्री रावत सोमवार को यहां सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस में मीडियाकर्मियों को बजट की समग्र विशेषताओं पर प्रकाश डाल रहे थे। उन्होंने कहा कि यहबजट देश के सर्वांगीण विकास, आर्थिक मजबूती और आमजन के हितों को ध्यान में रखकर प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे, बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण-शहरी विकास को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य,सड़क, ऊर्जा और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में किए गए प्रावधान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट राज्यों के साथ समन्वय को मजबूत करेगा और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।
साथ ही बजट में वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को प्राथमिकता दी गयी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार का यह बजट 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' की भावना को साकार करता है।
उन्होंने टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में बजट को लेकर होने वाले विशेष लाभ और ईआरसीपी परियोजना , माही एवं जाखम नदी से मेजा बांध में पानी लाने की संभावनाओं सहित आदि विषयों पर विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल खंडेलवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित