जयपुर , अप्रैल 13 -- प्रधानमंत्री ने नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि राजस्थान के युवाओं का आत्मविश्वास और उनके नवाचारी विचार वर्ष 2047 तक विकसित भारत की मजबूत नींव रख रहे हैं।

श्री मोदी जयपुर में आयोजित 'माय भारत बजट क्वेस्ट - राजस्थान युवा संवाद' के मुख्य समारोह में वीडियो संदेश के माध्यम से युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि माई भारत बजट क्वेस्ट 2026 युवाओं को अपने इनोवेटिव आइडिया, ज़मीनी अनुभव और बजट पर विचार साझा करने का एक सशक्त मंच प्रदान करता है।

उन्होंने युवाओं को "भविष्य के आर्किटेक्ट" बताते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, विचार और सहभागिता भारत की विकास यात्रा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। देशभर से युवाओं की बड़ी भागीदारी इस पहल की सफलता का प्रमाण है।

इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 लोगों और उनकी क्षमताओं को नीति के केंद्र में रखता है। शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार पर केंद्रित निवेश विकसित भारत की दिशा तय करता है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बजट में इज आफ डूइंग बिजनस को बढ़ावा देने के साथ-साथ बुनियादी ढांचे, विनिर्माण और पूंजीगत व्यय को प्राथमिकता दी गई है, जिससे भारत वैश्विक उद्यमिता केंद्र बन सके। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि यह बजट मानव संसाधन विकास को केंद्र में रखता है।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व में समावेशी विकास सतत प्रगति का आधार है।

राज्य के उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि इस तरह के संवाद से युवाओं की नीति निर्माण में सार्थक भागीदारी बढ़ती है।

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और रोजगार सृजन में कृषि की अहम भूमिका है। उन्होंने पॉलीहाउस, मल्चिंग और लो टनल जैसी संरक्षित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री भजनलाल शर्मा ने विजेताओं से वर्चुअल संवाद कर उनके सुझाव सुने। उन्होंने बताया कि माई भारत पोर्टल पर 17 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है।

इस अवसर पर दिनभर चले सत्र में चार प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई जिनमें वैश्विक उद्यमिता केंद्र- भारत को स्टार्टअप में अग्रणी बनाने की रणनीति, नारी शक्ति- महिला नेतृत्व में समावेशी विकास- विकसित कृषि- ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधुनिक खेती, मानव पूंजी- शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर। इन विषयों पर देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित