पटना , फ़रवरी 01 -- बिहार के विधि एवं स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मंगल पाण्डेय ने केन्द्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत-2047 की नींव को मजबूत करने वाला बताया है। श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कहा कि बजट 2026-27 में बिहार के पटना में जहाज मरम्मत की सुविधा और सिलिगुड़ी-वाराणसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान स्वागत योग्य है। वहीं देश में सात नए हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के तहत, सिलीगुड़ी-वाराणसी कॉरिडोर बिहार के कई जिलों से होकर गुजरेगा। उन्होंने कहा कि पटना और वाराणसी में गंगा किनारे जहाज मरम्मत सुविधाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे जलमार्ग से माल ढुलाई को बढ़ावा मिलेगा।
श्री पाण्डेय ने कहा है कि बजट में भारत को ''बायोफार्मा हब'' बनाने के लिए 10,000 करोड़ रुपये की ''बायोफार्मा शक्ति'' योजना की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि कैंसर और मधुमेह की दवाएं सस्ती करने के लिए 17 दवाओं पर कस्टम ड्यूटी खत्म की गई है। साथ ही, तीन नए आयुर्वेदिक एम्स, पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब और 1.5 लाख हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को ट्रेनिंग देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास को गति देने के साथ ही रोजगार और अवसर बढ़ाने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित