एमसीबी, फरवरी 02 -- छत्तीसगढ़ में एमसीबी जनपद के पंचायत मनेंद्रगढ़ की ग्राम पंचायतों में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण अधिनियम-2025 के तहत विकसित भारत जी-राम-जी (वीबी जी-राम-जी) योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को योजना की विस्तृत जानकारी देकर उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना है। घर के नजदीक ही मिलने वाले काम, काम की अवधि और मजदूरी के बारे में बिना पूछे मिली जानकारी के कारण मजदूरों के चेहरे पर मुस्कान देखी गई।
सोमवार को जिला पीआरओ से मिली जानकारी के मुताबिक,इसके तहत पंचायत स्तर पर पम्पलेट वितरित कर श्रमिकों तक सीधी जानकारी पहुंचाई जा रही है। साथ ही, विभिन्न नरेगा कार्यस्थलों पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिकों को बताया गया कि अब पूर्व के 100 दिनों के स्थान पर उन्हें प्रतिवर्ष 125 दिनों का रोजगार गारंटी के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसरों में वृद्धि होने की उम्मीद है।
ग्राम पंचायत नारायणपुर, लाई, बुंदेली, बंजी व मुक्तियारपारा सहित अन्य पंचायतों में नरेगा के तहत चल रहे आजीविका डबरी एवं नवीन तालाब निर्माण जैसे कार्यस्थलों पर यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें कुल 110 पुरुष एवं 108 महिला श्रमिकों ने भाग लिया। श्रमिकों को योजना के अंतर्गत मजदूरी भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध भुगतान और जनसहभागिता की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। उन्हें उनके अधिकारों, कार्य प्रणाली एवं योजनाओं से जुड़ने के लाभों से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, ग्रामीणजन व नरेगा श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को अधिक रोजगार दिलाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है और यह योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित