रायपुर , मार्च 22 -- छत्तीसगढ से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद व मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने रविवार कहा कि नरेंद्र मोदी के लोकतांत्रिक व्यवस्था में 8931 दिनों तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह पूरी यात्रा विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रही है।
श्री पांडेय ने कहा कि मोदी ने देश की राजनीति में सेवा, सुशासन और पारदर्शिता की नई परंपरा स्थापित की है, जिसका सीधा लाभ करोड़ों नागरिकों को मिला है। उनके नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विस्तार, डिजिटल क्रांति, स्टार्टअप संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों के माध्यम से भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। साथ ही, गरीब कल्याण योजनाओं-जनधन, उज्ज्वला और आयुष्मान भारत-के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
श्री पांडेय ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंचों पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित