नयी दिल्ली , जनवरी 13 -- प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने युवाओं को विकसित भारत के भविष्य के नेता बताते हुए राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों से सशस्त्र बलों में करियर बनाने और 2047 तक समृद्ध, सशक्त और सुरक्षित भारत बनाने में योगदान देने की अपील की है। जनरल चौहान ने मंगलवार को यहां दिल्ली छावनी में एनसीसी के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया। कैडेट और अधिकारियों को संबोधित करते हुए जनरल चौहान ने कैडेटों के उच्च मानक तथा उत्साह की सराहना की और कहा कि हर साल उनमें नई ऊर्जा और देशभक्ति देखने को मिलती है। युवा पीढ़ी में दृष्टि और संकल्प के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, "यदि आप सही मार्ग अपनाते हैं, तो आप सही मंज़िल तक पहुंचते हैं, आज सही मार्ग चुनना महत्वपूर्ण है।" अपने करियर के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कैडेटों को सशस्त्र बलों में करियर अपनाने और 2047 तक एक समृद्ध, सशक्त, सुरक्षित भारत बनाने में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, "आप विकसित भारत के भविष्य के नेता हैं।"प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ने जनवरी महीने के महत्व का उल्लेख करते हुए इसे कई महत्वपूर्ण घटनाओं का महीना बताया जैसे 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद की जयंती), 14 जनवरी को भूतपूर्व सैनिक दिवस, 15 जनवरी को सेना दिवस, 23 जनवरी को पराक्रम दिवस (नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती), 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस (संविधान अपनाने की याद) और 30 जनवरी को शहीद दिवस। उन्होंने कहा कि ये अवसर भारत की स्वतंत्रता, गणतंत्र के मूल्यों और देशभक्ति की सच्ची भावना का उत्सव हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित