बारां , जनवरी 21 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने वीबीजी रामजी को ग्रामीण भारत के लिए ऐतिहासिक सुधार बताया है और कहा है कि यह कानून केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार मुक्त और टिकाऊ ग्रामीण विकास का आधार है।
श्री माहुर ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए बताया कि पहले 100 दिन का रोजगार मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन किया जाएगा। ग्राम सभा गांव की जरूरतों के अनुसार कार्य तय करेगी जिनमें जल संरक्षण बुनियादी ढांचा, आजीविका संरचना निर्माण और आपदा प्रबंधन शामिल होंगे। इस योजना के तहत भुगतानसीधे लाभार्थी के खाते में जाएगा, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
उन्होंने कहा कि वीबी जीरामजी के तहत ग्रामीण सड़कों सार्वजनिक भवनों, विद्यालयों के आधारभूत ढांचा, स्वच्छता प्रणालियों, नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी सुविधाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत आवास कार्यों पर जोर रहेगा।
उन्होंने बताया की पूर्ववती मनरेगा योजना में भ्रष्टाचार, फर्जी जॉब कार्ड अधूरे कार्य और कमजोर निगरानी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। इसके परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई क्षेत्रों में ठोस विकास नहीं दिखा। इन कमियों को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने अधिनियम 2025 लागू किया है।
श्री माहुर ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने करीब 600 योजनाओं के नाम बदलकर गांधी, नेहरू परिवार से जोड़ दिया, जबकि केंद्र सरकार ने किसी परिवार के नाम पर न रखकर सेवाएं सनातन और जनकल्याण से जोड़ने का कार्य किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित