बेतिया, फ़रवरी 07 -- बिहार में पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार का वर्ष 2026-27 का बजट विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करेगा।

डॉ. संजय जायसवाल ने आज अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केन्द्रीय बजट रोजगार सृजन और युवाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित है।उन्होंने कहा कि बजट में 50 हजार युवाओं के नवाचार और नए विचारों को प्रोत्साहित करने का प्रावधान किया गया है। इससे युवा उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. जायसवाल ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि पहली बार औद्योगिक विकास दर नौ प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि बजट से घरेलू विनिर्माण को वैश्विक पहचान मिलेगी।उन्होंने बताया कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 12 लाख 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही सॉफ्टवेयर उद्योग को प्रोत्साहित करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं को प्रशिक्षित करने की व्यवस्था की गई है।

सांसद ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार के तहत पांच यूनिवर्सिटी कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जहां कई विश्वविद्यालय और कॉलेज एक साथ स्थापित होंगे। इससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ कर विदेशी मरीजों को आकर्षित करने की योजना है, जिससे करीब आठ लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके अलावा युवाओं को विदेशों में रोजगार के लिए भी तैयार किया जाएगा।

सांसद ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि बजट को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि यह बजट विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित