सक्ती , फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ में सक्ति जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर स्थित लक्ष्मणभाटा में गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मणभाटा स्थित नौरंगे फैब्रिकेशन के पास खरसिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार वाहन के पहियों के नीचे आ गया और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान रघुनंदन चंद्रा (42) के रूप में हुई है, जो पेशे से शिक्षक एवं बीएलओ थे।

बताया जा रहा है कि वे अपने घर से डभरा एसआईआर कार्य का पंचनामा जमा करने जा रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित