वाराणसी , दिसंबर 30 -- वाराणसी में लंका थाना क्षेत्र के महेश नगर कॉलोनी में बृजेश तिवारी (75) और उनकी पुत्री लता (40) ने सोमवार रात विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने पिता बृजेश तिवारी को मृत घोषित कर दिया। लता की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सहायक पुलिस आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को बताया कि परिजनों ने रात्रि करीब एक बजे सूचना दी। मृतक बृजेश तिवारी को पिछले कई वर्षों से पैरालिसिस होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थता थी। पुत्री लता की शादी 2014 में हुई थी, लेकिन विवादों के चलते 2016 में तलाक हो गया। मृतक की दो पुत्रियां और एक पुत्र है। पुत्र आनंद एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है।
पूछताछ में पता चला कि मृतक की पत्नी का गिरने के कारण कूल्हे की हड्डी टूट गई थी, जिसके इलाज में काफी खर्च हुआ। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि सोमवार रात मृतक की पत्नी कालिंदी को माइनर हार्ट अटैक की शिकायत हुई थी। पिता ने पुत्र को फोन पर इसकी जानकारी दी। मृतक डाक विभाग से लगभग पंद्रह वर्ष पूर्व रिटायर हुए थे। पुलिस का कहना है कि पुत्र आनंद के आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की मुख्य वजह अभी सामने नहीं आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित