वाराणसी , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा बस्ती में तेंदुए के हमले के पीड़ितों से रविवार को मुलाकात कर उन्हें एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की। उल्लेखनीय है कि मई 2025 में चौबेपुर क्षेत्र में तेंदुए के हमले में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मंत्री श्री राजभर ने पीड़ितों के घर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा प्रत्येक पीड़ित को एक-एक लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ितों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है और किसी भी घटना में प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए के हमले में ग्रामसभा कमौली निवासी सुनील, गौराकलां निवासी जयदेव तथा शंकरपुर (नवापुरा) निवासी प्रदीप मौर्य घायल हुए थे। घटना के समय तेंदुआ अचानक बस्ती में घुस आया था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था। घटना के बाद वन विभाग एवं पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया था तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए थे।

मंत्री ने बताया कि घटना के समय घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई गई थी तथा शासन स्तर पर अनुग्रह सहायता स्वीकृत कराने की कार्रवाई की गई, जिसके तहत अब पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित