वाराणसी , दिसंबर 17 -- वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्रांतर्गत के सुंदरपुर सब्जी मंडी के पास बुधवार को जेसीबी की टक्कर से एक बच्चे की मौत हो गई। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर जेसीबी के शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलते ही तीन थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई है।
पुलिस के आला अधिकारियों द्वारा जाम खुलवाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। सुंदरपुर-बीएचयू मार्ग पर भीषण जाम लग गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस कुछ दूरी पर थी, लेकिन ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि जौनपुर निवासी इशरत अपने बच्चे रियासत (10) के साथ दोपहिया वाहन से कहीं जा रहे थे। जेसीबी ने पीछे से टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जेसीबी से बच्चे के शरीर पर गंभीर चोटें आईं, स्थानीय लोगों ने पास के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर खड़ी जेसीबी के पास पहुंचे और बच्चे का शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया। नाराज लोगों ने देखते-ही-देखते पुलिस के सामने ही तोड़फोड़ शुरू कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित