वाराणसी , मार्च 15 -- वाराणसी में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए रसोई गैस की सुविधा अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे अब लोगों को घरेलू गैस सुगमता के साथ उनकी रसोई में उपलब्ध होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

रविवार को अभियान के पहले दिन मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नदेसर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में लगाए गए विशेष शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और लोगों को जल्द से जल्द कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

श्री जायसवाल के निर्देश पर रविवार से शहर के सभी आठ जोनल कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों को घरेलू गैस पाइपलाइन कनेक्शन के लिए आवेदन करने और तुरंत प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा दी जा रही है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की मंशा है कि शहर के हर घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे, इसलिए इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। गैस आपूर्ति के लिए लगभग 102 किलोमीटर स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जो मुख्य गैस वितरण प्रणाली का आधार बनेगी। इसके अलावा शहर और आसपास के इलाकों में घरों तक गैस पहुंचाने के लिए लगभग 1450 किलोमीटर प्लास्टिक की लो प्रेशर पाइपलाइन का जाल बिछाया जा चुका है।

उन्होने बताया कि नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में लगाए गए इन विशेष शिविरों में लोगों को घरेलू पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने की सुविधा दी जा रही है। यहां उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा लोगों को योजना की पूरी जानकारी भी दी जा रही है। शिविर में आने वाले नागरिकों को बताया जा रहा है कि किस प्रकार आवेदन करना है, किन दस्तावेजों की आवश्यकता है और कनेक्शन मिलने की प्रक्रिया क्या होगी। इससे लोगों में भी इस सुविधा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।

मंत्री ने निरीक्षण के दौरान शिविर में मौजूद लोगों से बातचीत भी की। उन्होंने लोगों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं और आवेदन कर जल्द से जल्द अपने घरों में पाइपलाइन गैस कनेक्शन प्राप्त करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित