वाराणसी , नवंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में शनिवार देर रात फूलपुर थाना पुलिस और कुख्यात गौ-तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में वांछित अभियुक्त अभिषेक यादव उर्फ गोलू यादव को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और जिन्दा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा वांछित गौ-तस्कर अभिषेक यादव उर्फ गोलू यादव नागापुर के पास सिन्धुरिया रोड पर सक्रिय है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए फूलपुर पुलिस ने जब क्षेत्र में घेराबंदी की तो अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया जिसमें गोलू यादव के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया गया तथा घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
अभिषेक यादव उर्फ गोलू यादव पुत्र जयनारायण यादव, निवासी मुस्तफाबाद पिछवारी, थाना चौबेपुर, जिला वाराणसी लंबे समय से धारा-3/5ए/5बी/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ चंदौली और वाराणसी जिलों में गैंगस्टर एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के भी मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गोलू यादव एक सक्रिय गौ-तस्करी गिरोह का सरगना है और उसके खिलाफ कई थानों में संगीन मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित