वाराणसी , दिसंबर 27 -- वाराणसी नगर में कॉलोनियों द्वारा गेट बंद किए जाने से उत्पन्न हो रही यातायात समस्या को देखते हुए नगर निगम प्रशासन सख्त हो गया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए शहर की विभिन्न कॉलोनियों के बंद गेटों को निर्धारित समय के लिए खोलने का निर्देश शनिवार को जारी किया है। यह व्यवस्था क्रमबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू की जाएगी। प्रथम चरण में टैगोर टाउन, भुवनेश्वर नगर और विन्ध्यवासिनी नगर जैसी कॉलोनियों को चिह्नित किया गया है।

श्री नागपाल ने बताया कि कॉलोनीवासियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि गेट खुलने से निवासियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए कॉलोनी के प्रमुख मार्गों की निगरानी की जाएगी।

दरअसल, प्रशासन का लक्ष्य है कि यातायात सुचारु करने के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा का घेरा भी मजबूत रहे। इस क्रम में गत दिनों यातायात पुलिस के भौतिक निरीक्षण में पाया गया कि भोजूबीर, अर्दली बाजार और महावीर मंदिर जैसे व्यस्त मार्गों पर घंटों जाम का कारण आंतरिक गलियों और कॉलोनियों के गेट बंद होना है। पूर्व में ये गलियां आवागमन का माध्यम थीं, लेकिन अब इनके बंद होने से मुख्य चौराहों पर भारी दबाव रहता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित