वाराणसी , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी को मोबाइल पर एसएमएस भेजकर जान से मारने और कचहरी परिसर को उड़ाने की धमकी दी गई है।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार सुबह जब उन्होंने अपना मोबाइल चेक किया, तो एक अज्ञात नंबर से संदेश मिला। संदेश में लिखा था, "कचहरी को बम से उड़ा देंगे और तुम्हें भी।" इसकी गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस प्रशासन और जिला जज को सूचित किया। श्री त्रिपाठी ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन गहराई से जांच करे, क्योंकि यह धमकी न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन बल्कि पूरे कचहरी परिसर की सुरक्षा से जुड़ी है।
सहायक पुलिस आयुक्त (कैंट) नितिन तनेजा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुँच गया। पूरे कचहरी परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और साइबर सेल उस मोबाइल नंबर और स्थान (लोकेशन) को ट्रेस करने में जुटी है, जिससे संदेश भेजा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित