वाराणसी , मार्च 7 -- वाराणसी में चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में शरारती तत्वों ने शुक्रवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को खंडित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 13 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि आंबेडकर प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ का मामला सामने आते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गांव की महिलाएं और पुरुष इकट्ठा होकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख कई थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। गांव निवासी अवधेश रतन ने चोलापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर 13 नामजद तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

शिकायत में सिपक राजभर, अमन राजभर, रणवीर राजभर, विष्णु राजभर, अजय राजभर, किशन राजभर, विशाल राजभर, बहादुर राजभर, गोलू राजभर सहित अन्य नामजद आरोपियों पर माहौल को खराब करने का आरोप लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित