वाराणसी , मार्च 10 -- वाराणसी पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों जामताड़ा (झारखंड) निवासी नागेश्वर मंडल और अक्षय मंडल को अंडाल, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। इनके पास से लाखों रुपये मूल्य के छह महंगे मोबाइल फोन, एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा डेढ़ लाख रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई है।
सहायक पुलिस आयुक्त विदुष सक्सेना ने बताया कि 5 जनवरी को रामनगर निवासी अनूप गुप्ता ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बैंक खाते से मोबाइल हैक कर लाखों रुपये की ठगी की गई। इस मामले की जांच में साइबर क्राइम टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर पता लगाया कि दोनों अपराधी पश्चिम बंगाल में छिपे हुए हैं। पुलिस ने उन्हें अंडाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।
अपराधियों द्वारा विभिन्न बैंकों तथा आरटीओ चालान पेमेंट से संबंधित फर्जी डिजिटल फ्लायर बनाकर एक एपीके फाइल तैयार की जाती थी, जिसे लोगों को भेजा जाता था। यह एप्लिकेशन मोबाइल में इंस्टॉल होते ही फोन का पूरा एक्सेस तथा आने वाले सभी एसएमएस अपराधियों तक पहुंच जाते थे। इसके बाद वे आसानी से बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे। इन दोनों के खिलाफ झारखंड में भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके नेटवर्क और अन्य साथियों का भी पता लगा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित