वाराणसी , अप्रैल 11 -- नगर निगम वाराणसी शहर को स्वच्छ-सुंदर बनाने के साथ-साथ अब उसे डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट पर आयोजित एक समारोह में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया।
परियोजना के प्रथम चरण में अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ दिया गया है। अस्सी घाट से सेवा शुरू करते हुए महापौर ने कहा कि यह सुविधा शहर को आधुनिक स्मार्ट सिटी बनाने के संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि मुफ्त वाई-फाई की शुरुआत अस्सी घाट से की गई है, जिसका लाभ दशाश्वमेध घाट पर भी मिलेगा।
महापौर ने कहा, "वर्तमान समय में इंटरनेट एक बुनियादी आवश्यकता बन चुकी है। घाटों पर आने वाले युवा, शोधार्थी और पर्यटक अब कनेक्टिविटी के लिए परेशान नहीं होंगे।" इस डिजिटल पहल से सूचनाओं का आदान-प्रदान सुगम होगा और नगर निगम की सेवाएं जनता के और करीब आएंगी। घाटों पर फ्री वाई-फाई जोन के बोर्ड लगाए गए हैं। नागरिक वहां दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके आसानी से इंटरनेट का लाभ ले सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित