शाहजहांपुर , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के मदनापुर थाना क्षेत्र में वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर आरोपी और उसके परिवार की महिलाओं ने हमला कर दिया। घटना में एक उपनिरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने सोमवार को बताया कि मदनापुर थाना क्षेत्र के पंखियाखेड़ा गांव निवासी राजिस खां के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी था। वह अपने मुकदमे में अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इसी सिलसिले में पुलिस टीम शनिवार रात उसे गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों के घर पहुंचते ही आरोपी तथा उसके परिवार की महिलाओं ने टीम पर हमला कर दिया। हमले में उपनिरीक्षक मोहित अधाना और सिपाही बालेश्वर घायल हो गए। आरोप है कि राजिस खां ने नुकीले हथियार से हमला कर पुलिसकर्मियों को चोट पहुंचाई। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने घायल अवस्था में ही आरोपी को दबोच लिया और थाने ले आए।

एसपी ने बताया कि उपनिरीक्षक मोहित अधाना की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं 121(1), 121(2), 132, 352 और 151(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित