अबू धाबी , मई 05 -- संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियां ईरान की ओर से दागे गये मिसाइलों और ड्रोन हमलों को लगातार विफल कर रही हैं, जबकि क्षेत्र में तनाव फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

यूएई के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसकी प्रणालियां "मिसाइल और यूएवी खतरों का सक्रिय रूप से मुकाबला कर रही हैं।" यह लगातार दूसरे दिन है जब इस तरह के हमले दर्ज किये गये हैं।

बयान के अनुसार, सोमवार को ईरान ने अमीरात की ओर करीब 15 मिसाइलें दागीं, जो आठ अप्रैल को अमेरिका और इजरायल के साथ हुए युद्धविराम के बाद पहला बड़ा हमला था। अधिकतर हमलों को रोका गया, लेकिन कुछ मिसाइलों के कारण जमीन पर नुकसान की खबर है। फुजैराह के औद्योगिक परिसर, जो देश का एक प्रमुख ऊर्जा केंद्र है, में आग लग गयी, जबकि कम से कम तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

इन हमलों को होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में बढ़ते तनाव का हिस्सा माना जा रहा है, जहां अमेरिका ने "प्रोजेक्ट फ्रीडम" के तहत वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा के लिए अभियान शुरू किया है। ईरान पहले ही चेतावनी दे चुका है कि वह इस क्षेत्र में किसी भी विदेशी सैन्य उपस्थिति का जवाब देगा।

यूएई पर हमलों के साथ-साथ ईरान ने सोमवार को कुछ वाणिज्यिक जहाजों को भी निशाना बनाया। ड्रोन हमलों में कम से कम दो जहाज प्रभावित हुए, जिनमें से एक के निष्क्रिय होने की खबर है, जिससे समुद्री व्यापार पहले से अधिक प्रभावित हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित