नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले एक माह से वायु प्रदूषण की समस्या अब स्वास्थ्य के लिये गंभीर खतरे का कारण बनती जा रही है, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के लिये।
इलनेस टु वेलनेस फाउंडेशन (आईटीडब्ल्यूएफ) द्वारा फिक्की के सहयोग से गुरूवार कोआयोजित 'स्वास्थ्य पर वायु प्रदूषण का दुष्प्रभाव एवं बचाव के कदम' विषय पर आयोजित गोष्ठी में यह बात सामने आयी।
विशेषज्ञों के अनुसार वायु प्रदूषण अब केवल पर्यावरण की समस्या नहीं रह गया है, बल्कि यह लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ देश के आर्थिक विकास के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। वायु प्रदूषण के कारण स्ट्रोक, हृदय रोग, सांस की बीमारियां और न्यूरोलॉजिकल रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से आयु घटने के साथ ही कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है। इतना ही नहीं अपंगता बढ़ रही है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है, जिसका प्रभाव देश के विकास पर पड़ रहा है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के पूर्व सचिव राजेश भूषण ने कहा कि वायु प्रदूषण को एक गंभीर जन स्वास्थ्य समस्या के रूप में देखना जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित