जयपुर , फरवरी 22 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने जलमहल पाल पर भारतीय वायुसेना द्वारा एयरोबेटिक सूर्यकिरण एवं सारंग हेलिकॉप्टर के मनोहारी प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा है कि वायुसेना ने देश की रक्षा के साथ साथ आतंकवाद उन्मूलन में भी निरंतर श्रेष्ठता साबित की है।
श्री बागडे ने रविवार को इस प्रदर्शन को देखने के बाद कहा कि जनवरी में जयपुर में आयोजित आर्मी परेड में पहली बार सेना क्षेत्र से बाहर राजस्थान की धरती पर हमने भारतीय सेना की ताकत और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भता के प्रदर्शन को देखा। उन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान भारतीय वायुसेना की रणनीतिक श्रेष्ठता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि देश की रक्षा के साथ साथ आतंकवाद उन्मूलन में भी वायुसेना ने निरंतर श्रेष्ठता साबित की है।
उन्होंने वायुसेना के इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक, जोश जगाने वाला, मां भारती के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करने की प्रेरणा देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि वायुसेना का प्रदर्शन हमारी सीमाओं पर दिन रात कार्य करने वाले सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ करने वाला है। उन्होंने कहा कि सूर्यकिरण एवं सारंग का प्रदर्शन माँ भारती के प्रति हर नागरिक को संकल्पबद्ध होकर कार्य करने की प्रेरणा देने वाला है।
उन्होंने राजस्थान को शौर्य और वीरता की धरा बताते हुए वायु सेना के सूर्यकिरण और सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन के पायलटों, सेना अधिकारियों, प्रशासन की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित