नयी दिल्ली , मई 01 -- पश्चिम एशिया संकट के गहराते असर के बीच देश में सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने वाणिज्यिक रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की घोषणा की है।

दिल्ली में 19 किलोग्राम गैस का वाणिज्यिक सिलेंडर 993 रुपये महंगा हो गया है।

होटलों और रेस्त्राओं में आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में एक ही झटके में 993 रुपये की बढ़ोतरी एक रिकॉर्ड है। स्थानीय करों को मिलाकर दिल्ली में इसकी कीमत अब 2,078.50 रुपये से बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गयी है।

गत 28 फरवरी को पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद से अबतक वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर के दाम में यह चौथी बढ़ोतरी है। इससे पहले, एक अप्रैल को 195.50 रुपये, सात मार्च को 114.50 रुपये और एक मार्च को 28 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी। इसके साथ ही, दो महीने में कीमतों में कुल 1,331 रुपये की वृद्धि हुई है।

घरेलू इस्तेमाल वाले 14 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें सात मार्च को 11 महीने बाद 60 रुपये की वृद्धि की गयी थी। फिलहाल दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये प्रति सिलेंडर है।

ईरान पर फरवरी में अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति बाधित हुई है और कीमतें उछाल पर हैं।

सरकार ने फिलहाल राजकोषीय समायोजन के जरिये डीजल और पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ने दिये हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी वृद्धि सीमित रखी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित