विजयवाड़ा , मार्च 04 -- आंध्र प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू के असंसदीय व्यवहार, विधान परिषद के सभापति पर अमर्यादित टिप्पणी करने और सदन में जाति एवं धर्म का मुद्दा उठाने के विरोध में उनके इस्तीफे की मांग की है।
पार्टी के महासचिव गंदीकोट श्रीकांत रेड्डी ने यहाँ बुधवार को मीडिया से बात करते हुए मांग की कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को मंत्री अत्चन्नायडू को पार्टी से निलंबित करना चाहिए और ऐसे व्यक्ति को विधानमंडल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
वाईएसआरसीपी नेता ने कहा, "धर्म और जाति का मुद्दा उठाना और सदन में अनुपस्थित व्यक्ति का नाम घसीटना हास्यास्पद है। ऐसे व्यक्ति का संसदीय लोकतंत्र में कोई स्थान नहीं है।"श्री रेड्डी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी गठबंधन ने ऐसी ध्यान भटकाने वाली रणनीति इसलिए अपनाई क्योंकि वह 'हेरिटेज' से जुड़ी कथित अनियमितताओं और 'इंदापुर डेयरी' के बहाने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) फंड के संबंध में परिषद में उठाए गए सवालों का जवाब नहीं दे सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित