अहमदाबाद , दिसंबर 28 -- गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को यहां कहा कि वर्ष 2025 में अहमदाबाद ने विकास की लंबी छलांग लगायी तथा विश्व स्तर पर गौरव हासिल किया।

अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) की 330 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण, ई-लोकार्पण, गणेशजी की मूर्ति का अनावरण तथा नवी वणझर गांव के पुनर्वासित निवासियों को सनद वितरण अवसर पर श्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सरकार इस संकल्प के साथ कार्य कर रही है कि सामान्य नागरिकों की रोटी, कपड़ा और मकान जैसी बुनियादी जरूरतें सरलता से पूरी हों।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने हर निर्णय के केंद्र में जनसामान्य नागरिक के हित को रखा है। इसी दृष्टिकोण के कारण नागरिकों के जीवन को अधिक गुणवत्तापूर्ण बनाने वाली सुविधाओं में प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। श्री शाह के प्रयासों से गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र सबसे हरित क्षेत्र बना है। मियावाकी पद्धति से वन एवं ऑक्सीजन पार्क आदि के माध्यम से ग्रीन कवर बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वणझर गांव के नागरिकों को आज सनद प्राप्त हुई है, जो इस विचार को दर्शाती है कि जो लोगों के दुःख को समझे, वही सच्चा लोकसेवक होता है। शहरी विकास बजट में पिछले वर्ष की तुलना में 40 प्रतिशत वृद्धि कर 30,000 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है तथा वर्ष 2025 को शहरी विकास वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। आने वाले समय में अहमदाबाद कई अंतरराष्ट्रीय खेलों का केंद्र बनेगा, ऐसे में उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरियाला बनाने का सामूहिक संकल्प लेने का अनुरोध किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित