भीलवाड़ा , फरवरी 20 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने कहा है कि वर्तमान समय में बौद्धिक क्षमता एवं गुणवत्ता युक्त शिक्षा की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को ज्ञान, कौशल एवं चरित्र के साथ आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

श्री बागडे शुक्रवार को भीलवाड़ा स्थित संगम विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ज्ञान, कौशल एवं चरित्र ये तीनों तत्व किसी भी राष्ट्र की प्रगति के आधार स्तंभ हैं। युवा शक्ति को इन मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने सभी को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन मूल्यों पर चलने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान में देश ने आत्मनिर्भर बनने के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, वर्तमान में बड़े सैन्य उपकरण, भारी मशीनरी आदि का निर्माण देश में ही हो रहा है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह शैक्षणिक उपलब्धि का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो विद्यार्थियों को जीवन के नये अध्याय में प्रवेश का अवसर प्रदान करता है।

समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के 30 स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा के विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं 31 शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित