उज्जैन , दिसंबर 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कहा कि वर्तमान समय में गंगा जी के दर्शन और संत-महाराजों के प्रवचन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भक्ति और आध्यात्म का ऐसा वातावरण केवल भारत देश में ही देखने को मिलता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर जिले की सांवेर तहसील के चित्तौड़ा गांव में आयोजित महाराज कमल किशोर नागर की भागवत कथा में शामिल हुए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मन को भरने और जीवन को सही दिशा देने के लिए सत्संग सर्वोच्च मार्ग है। संतों के प्रवचन मन को शांति प्रदान करते हैं और आज के समय में भक्ति भाव का ऐसा वातावरण कहीं और संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए महाराज कमल किशोर नागर द्वारा किया गया कार्य सराहनीय है। उन्होंने बताया कि हजारों गोशालाओं के माध्यम से गौसेवा का जो अभियान चलाया जा रहा है, वह समाज को सद्कार्यों की प्रेरणा देता है। 33 करोड़ देवी-देवताओं के दर्शन कराने और गायों की चिंता करने का यह प्रयास अनुकरणीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोशालाओं के विकास में मध्यप्रदेश मॉडल के रूप में कार्य करेगा और हर घर में गोपाल कृष्ण की भक्ति की गंगा बहाने के प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांवेर तहसील के चित्तौड़ा गांव में कमल किशोर नागर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। वे एक सामान्य श्रद्धालु की तरह जमीन पर आम नागरिकों के बीच बैठकर भागवत कथा सुनते भी नजर आए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित