बारां , मार्च 07 -- राजस्थान में पत्रकारिता के आधार स्तंभ एवं राज्य के पूर्व सूचना आयुक्त नारायण बारेठ के निधन पर बारां जिले के पत्रकारों ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।

श्री बारेठ पिछले कुछ दिनों से निमोनिया से पीड़ित थे और जयपुर के एक अस्पताल में उनका उपचार किया जा रहा था। उनके निधन की खबर से राज्य के पत्रकारिता क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

वरिष्ठ पत्रकार, बारां जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष दिलीप शाह ने कहा कि नारायण बारेठ ने अपनी पत्रकारिता के जरिए हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज को बुलंद किया। बीबीसी में विशिष्ट सेवा के दौरान उन्होंने लंबे समय तक राजस्थान से रिपोर्टिंग की। उनकी गहरी समझ और निष्पक्ष विश्लेषण ने उन्हें देश-दुनिया में एक अलग पहचान दिलायी। सूचना आयुक्त के रूप में सूचना के अधिकार (आटीआई) को मजबूती प्रदान करने में उनके कार्यकाल को हमेशा याद रखा जाएगा।

बारां के पत्रकार घनश्याम दाधीच, ललित मोहन खंडेलवाल, ओम गौतम, हंसराज शर्मा, योगेश गुप्ता, राधेश्याम शर्मा, विष्णु भारद्वाज, राजेंद्र शर्मा, रितेश शर्मा, सीबी पंकज, अमित जैन, राजेश पंकज ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच पारदर्शिता लाने के लिए श्री बारेठ ने कई महत्वपूर्ण कार्य किये।

उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति है। बारां मीडिया समूह परिवार ने बारेठ को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित